केरल के इस दंपति ने पैदल भारत भ्रमण करके नेशनल रिकॉर्ड बनाया है. यह शिक्षक दंपति पिछले साल भारत भ्रमण पर निकले थे और इस साल जुलाई में उन्होंने अपनी यात्रा पूरी की है.
घूमना फिरना हम सभी को पसंद है लेकिन बात जब पैदल यात्रा की हो तो कुछ लोग पीछे हट जायेंगे। लेकिन आज की कहानी है केरल के एक ऐसे दंपत्ती की जिन्होंने देश भर की पैदल यात्रा पूरी की है और एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। बेनी कहते हैं हमने पैदल चलने को बढ़ावा देने और निःसंतान दंपतियों को यह संदेश देने के लिए इस अभियान की शुरुआत की कि एक साथ यात्रा करने से जागृति की एक नई भावना आ सकती है।
216 दिनों में घूम लिया देश
यह कहानी है छह भाषाओं को जानने वाले केरल के एक दंपत्ती की 53 वर्षीय बेनी कोट्टाराथिल और उनकी 46 वर्षीय पत्नी मौली बेनी पल्लीकाथोड, कोट्टायम के रहने वाले हैं। उन्होंने हाल ही में देश भर की पैदल यात्रा की है। उन्होंने 1 दिसंबर 2021 को कन्याकुमारी से अपनी यात्रा शुरू की। उनका यह पैदल अभियान 3 जुलाई को समाप्त हुआ। उन्हें 216 दिन का समय लगा।
बेनी और मौली ने आंध्र प्रदेश में 15 साल से ज्यादा समय तक बतौर शिक्षक काम किया है, महामारी के दौर में दोनों को केरल लौटना पड़ा और वहाँ से दोनों ने भारत भ्रमण का फैसला किया। अपनी इस यात्रा के लिए फंड जुटाने के लिए उन्होंने अपना सोना गिरवी रखा और अपने दोस्तों और परिवार से भी पैसे उधार लिए।
यात्रा में आई कई चुनौतियाँ
अपने ट्रिप के दौरान दोनों को खूब चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा, कुछ घटनाओं को याद करते हुए वे कहते हैं “एक बार जब हम तमिलनाडु के विल्लुपुरम में एक मंदिर में ठहरे हुए थे, एक चोर 2 बजे मंदिर को लूटने आया। एक कुत्ता जो हमारे साथ था भौंकने लगा और चोर को डरा कर भगा दिया।
एक बार वे एक लॉरी से बच गए थे, जो नियंत्रण खो चुकी थी और कश्मीर में बनिहाल दर्रे से गुजरते समय उनकी ओर तेजी से बढ़ रही थी। एक दिन जब वे बिहार में थे उन्हें कोई आवास नहीं मिला। हमें एक कब्रिस्तान में रात बितानी पड़ी। यह एक तरह का खौफनाक था। ”
यह जगह बन गई फेवरेट
बेनी और मौली का अपना एक यूट्यूब चैनल भी है, जिसका नाम Vicky’s Wonder World है, चैनल पर इस यात्रा से जुड़ी वीडियो भी अपलोड की गई है। इस पूरे यात्रा को याद करते हुए उन्होंने बताया कि भारत में उनकी सबसे फेवरेट जगह पंजाब का गोल्डन टेंपल है। आगे उन्होंने बताया कि बेनी छह भाषाएं बोल लेते हैं और इस कारण उनकी यात्रा काफी आसान हो गई. उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान रास्ते में बहुत से ढाबों में खाना खाया, विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद लिया. पर उनको आंध्र प्रदेश का खाना सबसे ज्यादा अच्छा लगा।
मिला सम्मान
यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने बेनी और मौली को सात महीने और तीन दिनों में 17 राज्यों को कवर करने के लिए “भारत के चारों ओर घूमने वाले पहले युगल” के लिए 2022 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से सम्मानित किया।