ये दुनिया घुमक्कड़ों की है। जीवन का असल आनंद घुमक्कड़ी में ही है। क्योंकि इसके जरिए आप न सिर्फ नई जगहों को देखते हैं, बल्कि वहां के परिवेश, जीवनशैली और संस्कृति से भी रूबरू होते हैं। यहीं वजह है कि घुमक्कड़ी को शास्त्र बोला गया है।
घुमक्कड़ी के जरिए इंसान भाषा से लेकर बोली, संस्कृति और खानपान कई चीजों से रूबरू होता है। कोरोना काल में इंसान की यह घुमक्कड़ी थोड़ा वक्त के लिए थम कई थी, पर अब फिर से रफ्तार पर है।

ऐसे में इस बार आप देश के उन 5 हिल स्टेशनों की सैर कर सकते हैं, जहां जाने के बाद हर किसी पर्यटक को जन्नत-सा अहसास होता है। वैसे भी हिल स्टेशनों की सैर करने से न सिर्फ आपको मानसिक शांति और सुकून मिलता है बल्कि आपकी रचनात्मकता भी बढ़ती है।
औली, उत्तराखंड (Auli Uttarakhand)
औली हिल स्टेशन उत्तराखंड में है. यह हिल स्टेशन समुद्र तल से 3,056 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह हिल स्टेशन बद्रीनाथ के रास्ते में स्थित है। यहां एशिया की सबसे लंबी केबल कार है जो कि 4 किमी लंबी है।

इस केबल कार में बैठकर पर्यटक औली के अद्भुत प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते हैं और बर्फ से ढकी चोटियों के दृश्य देखते हैं। देवदार और चीड़ के वृक्ष,सेब के बाग इस हिल स्टेशन की सुंदरता में चार चांद लगाते हैं।
नैसृगिक प्राकृतिक खूबसूरती के कारण औली हिल स्टेशन को भारत का ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहते हैं। यहां से टूरिस्ट कई पर्वत श्रृंखलाओं को देख सकते हैं।
कल्पा, हिमाचल प्रदेश (Kalpa Himachal Pradesh)
कल्पा एकदम शांत और सुकूं से भरा हुआ इलाका है। कल्पा में भीड़ भाड़ भी कम है। अगर आपको कुछ अलग देखना है तो कल्पा गांव जरूर जाएं। यह गांव किन्नौर के सबसे बड़े गांवों में से एक है।
जहां आपको चारों तरह हरियाली ही हरियाली दिखेगी। कल्पा से करीब 11 किमी दूर देवी चंडिका का मंदिर है, जहां आप दर्शन के लिए जा सकते हैं।

अपनी वास्तुकला की वजह से यह मंदिर काफी प्रसिद्ध है। आप इस गांव में सड़क मार्ग के जरिए भी जा सकते हैं और हवाई मार्ग के जरिए भी।
अगर आप फ्लाइट से जा रहे हैं तो आपको शिमला एयरपोर्ट पर उतरना होगा और वहां से आगे के लिए कैब लेनी होगी। यह हिमाचल का सुंदर और छोटा-सा हिल स्टेशन है।
नैनीताल (Nainital Hill Station Uttarakhand)
नैनीताल घूमना कौन नहीं चाहता है। यह खूबसूरत हिल स्टेशन उत्तराखंड में है। लाखों की तादाद में टूरिस्ट यहां आते हैं और इस पहाड़ी हिल स्टेशन के नजारों का लुत्फ उठाते हैं। झीलों और पहाड़ों से घिरा हुआ नैनीताल भारत का स्विट्जरलैंड कहलाता है।

यहां की वादियां और शांत वातावरण सैलानियों को बेहद पसंद आता है। नैनीताल में सैलानी नैनी झील, मॉल रोड, नैना देवी मंदिर, इको गुफा पार्क, स्नो व्यू पॉइंट,चिड़ियाघर, नैना चोटी और टिफिन टॉप घूम सकते हैं।
चैल, हिमाचल प्रदेश (Chail Himachal Pradesh)
चैल हिमाचल प्रदेश में स्थित हिल स्टेशन है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। चैल हिल स्टेशन समुद्र तल से 2250 मीटर की ऊंचाई पर बसा है। चंडीगढ़ से इस हिल स्टेशन की दूरी करीब 110 किलोमीटर है।

यह छोटा-सा हिल स्टेशन एक खूबसूरत पहाड़ी पर बसा है, जहां से आप इस पूरे इलाके की सुंदरता को निहार सकते हैं। चैल में ऐसी कई जगहें हैं, जहां आप मौज-मस्ती कर सकते हैं और घुमक्कड़ी का असली मजा ले सकते हैं।
जुलुक, सिक्किम (Zuluk Sikkim)

आप इस वीकएंड सिक्किम में मौजूद जुलुक हिल स्टेशन की सैर कर सकते हैं। यह हिल स्टेशन सिक्किम के पूर्वी भाग में बसा है। 3000 मीटर की औसत ऊंचाई पर स्थित जुलुक गंगटोक से पहुंचा जा सकता है। यहां जाने के लिए टूरिस्टों को परमिट की जरूरत होती है।